चन्दौली में अवैध शराब के कारोबार का खुलासा, मकान से 1070 लीटर शराब बरामद

चन्दौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई-अवैध शराब के बड़े जखीरे का भंडाफोड़
 
कैली रोड के मकान में अवैध शराब का बड़ा जखीरा बरामद, 14 लोग हिरासत में

चन्दौली। जनपद में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली पुलिस ने 25 नवंबर की सुबह कैली रोड स्थित एक मकान में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से कुल 1070 लीटर अवैध शराब के साथ 10 पुरुषों, दो महिलाओं और दो किशोरों समेत 14 लोगों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के दौरान एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 26,570 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन और पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने 25 नवंबर को सुबह करीब 6:10 बजे कैली रोड स्थित आकाश तिवारी के मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान में बिना वैध अनुमति के भंडारित 1070 लीटर अवैध शराब मिली। मौके से पुलिस ने संबंधित लोगों को हिरासत में लेकर बरामद सामान कब्जे में ले लिया।

पुलिस की ओर से जारी विवरण के मुताबिक, पकड़े गए 10 पुरुषों में चन्दौली के अलावा बिहार के औरंगाबाद, सिवान, पटना और सहरसा जनपदों के निवासी शामिल हैं। वहीं, हिरासत में ली गई दोनों महिलाएं पटना क्षेत्र की निवासी बताई गई हैं। इसके अलावा दो बाल अपचारियों को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

इस मामले में थाना चन्दौली में मुकदमा अपराध संख्या 544/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 60 और 63 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद शराब के स्रोत और इसके कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच भी की जा रही है।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, मार्कण्डेय सिंह, हरेंद्र यादव सहित पुलिसकर्मी तनिष्क साहू, प्रियेश यादव, आदर्श शर्मा तथा महिला कांस्टेबल रागिनी सिंह और उर्वशी सिंह शामिल रहीं।