चंदौली में 61 लाख रुपये की अवैध बीयर बरामद, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 
अवैध शराब तस्करी पर चंदौली पुलिस का प्रहार, लाखों की बीयर के साथ दो गिरफ्तार

चंदौली। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चंदौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना चंदौली पुलिस ने वाराणसी-बिहार राष्ट्रीय राजमार्ग पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से लगभग 61 लाख रुपये मूल्य की 1210 पेटी (14,520 लीटर) अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, नवीन मंडी चौकी के सामने वाहन चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या MH18BG7712 को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच में ट्रक के भीतर भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई HOWARD 500 ब्रांड की बीयर बरामद हुई। बरामद बीयर की कुल मात्रा 14,520 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 61 लाख रुपये है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी दो व्यक्तियों के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि बीयर की खेप पंजाब से बिहार के औरंगाबाद जिले में पहुंचाई जानी थी। इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये पारिश्रमिक मिलता था।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है।