तीन दिन में बीज नहीं उठाया तो रद्द होगी बुकिंग, दूसरे किसानों को मिलेगा मौका

ऑनलाइन बुकिंग, ई-लॉटरी और ऑटो-कन्फर्म से चयनित किसानों को जिला कृषि अधिकारी की चेतावनी, गेहूं के 3824 कुंतल बीज का वितरण अभी शेष

 

 

तीन दिन में बीज नहीं उठाया तो रद्द होगी बुकिंग, दूसरे किसानों को मिलेगा मौका

चंदौली। रबी फसलों की बुवाई के लिए कृषि विभाग की ओर से बीज वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसके बावजूद ऑनलाइन बुकिंग, ई-लॉटरी और ऑटो-कन्फर्म के माध्यम से चयनित कई किसान अब तक राजकीय कृषि बीज गोदामों से बीज का उठान नहीं कर रहे हैं। ऐसे किसानों को जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने तीन दिन के भीतर बीज प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में बीज नहीं उठाने पर संबंधित किसान का चयन निरस्त कर प्रतीक्षारत और नए किसानों को बीज वितरण का अवसर दिया जाएगा।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि कृषि विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से अक्टूबर माह से शुरू रबी अभियान के तहत जनपद के लिए विभिन्न फसलों के बीज का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके तहत गेहूं के 9849 कुंतल, चना के 246.08 कुंतल, मटर के पांच कुंतल, मसूर के 116.96 कुंतल और सरसों के छह कुंतल बीज का आवंटन किया गया था। इन सभी बीजों की किसानों ने शत-प्रतिशत ऑनलाइन बुकिंग कराई थी। विभाग की ओर से बुकिंग के सापेक्ष राजकीय बीज गोदामों पर बीज की उपलब्धता भी सुनिश्चित करा दी गई है।

उन्होंने बताया कि 26 नवंबर तक गेहूं के 9624 कुंतल के सापेक्ष 5800 कुंतल बीज का वितरण किया जा चुका है। इसी तरह चना के आवंटित 246.08 कुंतल, मटर के पांच कुंतल और सरसों के छह कुंतल बीज का शत-प्रतिशत वितरण हो चुका है। वहीं मसूर के 116.96 कुंतल के सापेक्ष 109 कुंतल बीज वितरित किया गया है। वर्तमान में गेहूं के 3824 कुंतल बीज का वितरण होना शेष है और इसकी प्रक्रिया तेजी से चल रही है।

जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि बड़ी संख्या में ऐसे किसान बीज गोदामों पर पहुंच रहे हैं, जिनकी बुकिंग नहीं हो सकी है। दूसरी ओर, चयनित होने के बावजूद कुछ किसान अब तक अपना बीज प्राप्त करने नहीं पहुंचे हैं। विभागीय कर्मचारियों की ओर से दूरभाष पर संपर्क करने और प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सूचना देने के बाद भी कई किसानों ने बीज का उठान नहीं किया है।

उन्होंने ऑनलाइन बुकिंग, ई-लॉटरी अथवा ऑटो-कन्फर्म के माध्यम से चयनित सभी किसानों से अपील की है कि वे अगले तीन दिनों के भीतर अपने संबंधित राजकीय कृषि बीज गोदाम से बीज प्राप्त कर लें। निर्धारित अवधि में बीज का उठान नहीं करने पर उनका चयन निरस्त कर दिया जाएगा। इसके बाद प्रतीक्षारत और नए किसानों की बुकिंग कराकर उपलब्ध बीज का वितरण किया जाएगा। ऐसी स्थिति में चयनित किसान स्वयं जिम्मेदार होंगे।