चंदौली में तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, डीएम-एसपी ने दिखाई हरी झंडी
चंदौली। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को चंदौली नगर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज परिसर से शुरू हुई यात्रा को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए।
यात्रा महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज से शुरू होकर नगर के मुख्य बाजार से गुजरते हुए निर्धारित गंतव्य पर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान पूरा मार्ग ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से गूंजता रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि तिरंगा देश की राष्ट्रीय आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य आम जनमानस में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाना है।
उन्होंने युवाओं से देश के गौरवशाली इतिहास और वीर शहीदों के बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि तिरंगा यात्रा समाज में एकता, शांति और सौहार्द का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस आम जनता की सुरक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण से जुड़े आयोजनों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।
एसपी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से आम नागरिकों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय और आपसी विश्वास मजबूत होता है।
तिरंगा यात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए थे। यात्रा मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्राधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण और जनपद के सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।