चंदौली में शव रखकर हाईवे जाम करना पड़ा भारी, 23 नामजद समेत 115 पर मुकदमा
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के सकलडीहा तिराहा स्थित आयुष अस्पताल, आलूमिल के पास शव रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने 23 नामजद समेत करीब 110 से 115 अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान सड़क की दोनों लेन बाधित होने से आम लोगों के साथ एंबुलेंस का आवागमन भी प्रभावित हुआ।
पुलिस के मुताबिक, पांच अक्टूबर की शाम करीब छह बजे उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव पुलिस टीम के साथ सकलडीहा तिराहा पर मौजूद थे। इसी दौरान सूचना मिली कि आयुष अस्पताल के पास कुछ लोगों ने शव रखकर मुगलसराय से चकिया जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को बांस-बल्ली लगाकर जाम कर दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस को मौके पर करीब 130 से 140 लोग नारेबाजी करते मिले।
पुलिस का कहना है कि सड़क जाम होने से दोनों लेनों पर यातायात बाधित हो गया और एंबुलेंस समेत कई वाहन फंस गए। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति कुछ समय तक तनावपूर्ण बनी रही। बाद में उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम से मुक्त कराया गया।
घटना के संबंध में उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव की तहरीर पर अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0618/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बिना अनुमति राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित करने और आमजन के आवागमन में बाधा डालने के आरोप में धारा 285, 126(2), 189(2) बीएनएस तथा धारा 7 आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम, 1932 के तहत कार्रवाई की है।
मुकदमे में राहुल चौहान, राहुल, जय सिंह, भदई चौहान, गुलाब पटेल, मो. मुस्ताक कुरैशी उर्फ मुमताज कुरैशी, राजकुमार, बब्लू यादव, कान्ता पासवान, बंसनारायण चौहान, अजीत पासवान, विकास, अजय चौहान, वीरेन्द्र आर्या, संदीप, निखिल, गोलू, राहुल, सनी, आकाश, लकी, जानू और विक्की को नामजद किया गया है। इसके अलावा करीब 110 से 115 अन्य महिला-पुरुषों को अज्ञात आरोपी के रूप में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। मौके पर मौजूद अन्य लोगों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों को जाम कर यातायात बाधित न करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।