अवैध अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, एक सेंटर सील
चंदौली। जनपद में अवैध अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कई निजी अस्पतालों एवं जांच केंद्रों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान शैलेपुर स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर को अनियमितताएं मिलने पर सील कर दिया गया।
एसडीएम विकास मित्तल के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान टीम के पहुंचते ही डायग्नोस्टिक सेंटर का तकनीशियन फरार हो गया, जबकि मौके पर कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। जांच में यह भी सामने आया कि संस्थान का पंजीकरण सकलडीहा के पते पर था, जबकि संचालन चकिया में किया जा रहा था।
संयुक्त टीम ने बाबा किनाराम हॉस्पिटल का भी निरीक्षण किया, लेकिन अस्पताल बंद मिला और कोई जिम्मेदार व्यक्ति उपस्थित नहीं था। वहीं, लक्ष्मी चैरिटेबल हॉस्पिटल, हर्ष हॉस्पिटल और ओम साईं हॉस्पिटल को विभिन्न अनियमितताओं के चलते नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुछ अस्पतालों के बेसमेंट में संचालन पाए जाने पर एक सप्ताह के भीतर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कमियां दूर नहीं होने पर संबंधित अस्पतालों को सील कर दिया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि अवैध अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।