नवही ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत, बजट की कमी बनी बड़ी बाधा

चंदौली। जनपद के सदर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत नवही में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति को लेकर मंगलवार को लाइव भारत न्यूज़ के जिला संवाददाता चंदन सिंह ने ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार गौतम उर्फ राजू से बातचीत की। इस दौरान गांव में हुए विकास कार्यों, बजट, योजनाओं के क्रियान्वयन और समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

ग्राम नवही एक राजस्व ग्राम है, जिसकी कुल आबादी लगभग 3200 है। यहां करीब 2100 मतदाता हैं, जिनमें 1200 पुरुष और 900 महिला मतदाता शामिल हैं। वर्तमान पंचवर्षीय कार्यकाल में ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए लगभग 33 लाख रुपये का बजट प्राप्त हुआ है।

गांव में शिक्षा के लिए एक प्राथमिक विद्यालय संचालित है। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक लगभग 516 लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिल चुका है।

राजनीतिक रूप से देखें तो वर्तमान ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार गौतम ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अशोक सिंह को 92 वोटों से हराया था। चुनाव में उन्हें 429 वोट मिले, जबकि अशोक सिंह को 337 वोट प्राप्त हुए थे।

गांव की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि पर आधारित है, लेकिन लगभग 80 प्रतिशत आबादी मजदूरी पर निर्भर है, जिससे आर्थिक स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर बनी हुई है।

ग्राम प्रधान का पक्ष

" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

ग्राम प्रधान ने बताया कि उनके कार्यकाल में सड़क, नाली और विद्यालय से जुड़े कई विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले गांव की सड़कों की हालत बेहद खराब थी, जिसे अब काफी हद तक सुधारा गया है।

हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बजट की कमी के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार, ग्राम पंचायत को बाहरी मद से अपेक्षित फंड नहीं मिला, जिससे कई योजनाएं अधूरी रह गईं।

प्रधान ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 84 पात्र लाभार्थियों की सूची भेजी गई थी, लेकिन अब तक किसी को आवास नहीं मिला। गांव में कई विधवा और दिव्यांग लोग भी हैं, जिन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल सका है।

उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर उन्होंने विधायक, सांसद और ब्लॉक प्रमुख से कई बार संपर्क किया, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है।

पंचायत सहायक की जानकारी

" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

पंचायत सहायक बालशिखा कुमारी ने बताया कि ग्रामीणों को समय-समय पर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है, खासकर महिलाओं को प्राथमिकता दी जाती है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं को पेंशन योजनाओं सहित अन्य लाभ दिलाने के लिए बैंक और संबंधित कार्यालयों तक सहयोग प्रदान किया जाता है। इसके अलावा कुटुंब रजिस्टर नकल जैसे आवश्यक दस्तावेज भी पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराए जाते हैं।

नई ग्राम सचिव के कार्यभार संभालने के बाद पंचायत कार्यालय की व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है। मिनी सचिवालय में हर शुक्रवार बैठक आयोजित होती है, जिसमें ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जाती है।

ग्राम नवही में विकास के प्रयास जरूर हुए हैं, लेकिन बजट की कमी और योजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाओं के कारण ग्रामीणों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। पंचायत स्तर पर प्रयास जारी हैं, लेकिन उच्च स्तर से सहयोग की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

नोट: लाइव भारत न्यूज़ ग्राम प्रधान द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है।