चंदौली में 24 नवंबर से शुरू होगा ग्रीन फोर्ट्स, प्राकृतिक उत्पादों को मिलेगा बढ़ावा

मिलावट और रासायनिक खाद्य पदार्थों के बढ़ते इस्तेमाल के बीच लोगों को स्वस्थ खानपान के प्रति जागरूक करने की पहल
 

चंदौली। जनपद में प्राकृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में ग्रीन फोर्ट्स की ओर से नई पहल की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को वार्ड नंबर-11 संजय नगर स्थित एनएच-19 के समीप प्रबंध निदेशक संतोष कुमार सिंह के निजी आवास पर प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इसमें प्रस्तावित प्रतिष्ठान की स्थापना, उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी साझा की गई।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रबंध निदेशक संतोष कुमार सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में मिलावटी खाद्य पदार्थों, रासायनिक उत्पादों और अनियमित खानपान के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अपने खानपान और स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे में प्राकृतिक रूप से निर्मित और स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों के प्रति लोगों को जागरूक करना जरूरी हो गया है।

उन्होंने बताया कि इसी सोच के साथ ग्रीन फोर्ट्स के माध्यम से प्राकृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक वस्तुओं के विक्रय के लिए एक प्रतिष्ठान स्थापित करने की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य लोगों तक उपयोगी उत्पादों की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ ही उन्हें बेहतर खानपान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

प्रेसवार्ता में जानकारी दी गई कि प्रस्तावित प्रतिष्ठान का शुभारंभ आगामी 24 नवंबर को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस पहल के माध्यम से जनपद में प्राकृतिक उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों को बेहतर विकल्प उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस अवसर पर निदेशक पल्लव कुमार सिंह ने भी पहल के उद्देश्यों और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। प्रेसवार्ता में ग्रीन फोर्ट्स के पदाधिकारियों ने प्राकृतिक एवं स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों को जनसामान्य तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता जताई।