सदर ब्लॉक के छितू ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की झलक, ग्राम प्रधान ने गिनाईं उपलब्धियां
चंदौली। जनपद के सदर ब्लॉक अंतर्गत छितू ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को लेकर ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों का विवरण सामने आया है। ग्राम प्रधान बिनोद पटवा ने अपने कार्यकाल में गांव के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारने का दावा किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा में पंचायत भवन का निर्माण कराया गया है, जिससे ग्रामीणों को बैठकों और प्रशासनिक कार्यों के लिए बेहतर सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही गांव में एक लाइब्रेरी का भी निर्माण कराया गया है, जो बच्चों और युवाओं के लिए शिक्षा का केंद्र बन रही है।
गांव में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सड़कों का निर्माण कराया गया है। बस्ती क्षेत्र से मुख्य मार्ग तक संपर्क मार्ग को बेहतर किया गया है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है। वहीं, रात के समय सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्ट्रीट लाइट भी लगवाई गई हैं।
स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय निर्माण कार्य कराया गया है, जिससे खुले में शौच की समस्या में कमी आई है। पेयजल व्यवस्था को सुधारने के लिए हैंडपंप रिबोरिंग के साथ-साथ चार नए हैंडपंप भी लगाए गए हैं।
ग्राम प्रधान ने बताया कि गांव में वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लगभग 50% पात्र लोगों तक पहुंचाया गया है। शिक्षा और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए प्राथमिक विद्यालय तक सड़क निर्माण भी कराया गया है, जिससे छात्रों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल रही है।
ग्राम प्रधान बिनोद पटवा ने कहा कि आगे भी गांव के विकास के लिए नई योजनाएं लागू की जाएंगी और ग्राम सभा को आदर्श गांव बनाने की दिशा में निरंतर कार्य जारी रहेगा।