चंदौली में 60 किसानों को बांटे गए निःशुल्क बीज मिनीकिट, सांसद साधना सिंह ने योजनाओं का लाभ लेने की अपील की

 

चंदौली, 26 सितंबर। किसान कल्याण केंद्र सदर में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने ई-लॉटरी के माध्यम से चयनित किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरित किए। कार्यक्रम में चना के 40, सरसों के 15 और तोरिया के 5 मिनीकिट समेत कुल 60 पैकेट किसानों को दिए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद साधना सिंह ने किसानों से सरकार की कृषि योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि आगामी रबी फसलों के बीजों के लिए पोर्टल पर 2 जुलाई से बुकिंग शुरू की गई थी। उन्होंने किसानों से 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध सामान्य बीजों और निःशुल्क मिनीकिट की शेष बुकिंग समय से कराने को कहा।

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि जिले के राजकीय बीज गोदामों पर चना, मटर, सरसों, तोरिया, अलसी और मसूर के मिनीकिट उपलब्ध कराए गए हैं। निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ई-लॉटरी के माध्यम से किसानों का चयन किया गया। चयनित किसानों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से बीज वितरित किए जा रहे हैं।

वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए डॉ. पूजा त्रिपाठी ने किसानों को दलहनी और तिलहनी फसलों में संतुलित उर्वरक, NPS और सल्फर के उचित उपयोग की सलाह दी। उन्होंने बताया कि संतुलित पोषण से फसल की पैदावार और गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है।

कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी कृषि मिथिलेश सिंह, बीज गोदाम प्रभारी संजय कुशवाहा सहित करीब 100 किसान मौजूद रहे।