चंदौली में कुएं में उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आए, तीन की मौत, एक की हालत गंभीर
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को कुएं के अंदर फंसा समरसेबल पंप निकालने उतरे चार लोग जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में मातम और कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, किड़हिरा गांव में एक कुएं के अंदर खराब समरसेबल पंप लगा था, जिसे निकालने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक-एक कर चार लोग कुएं में उतरे।
आशंका है कि कुएं के अंदर मौजूद जहरीली गैस की चपेट में आने से चारों लोग बेहोश होकर वहीं गिर पड़े। काफी देर तक अंदर से कोई हलचल नहीं होने और आवाज लगाने पर जवाब नहीं मिलने पर बाहर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना शहाबगंज थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद चारों लोगों को कुएं से बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं समशेर की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
प्रथम दृष्टया पुलिस प्रशासन कुएं के अंदर लंबे समय से जमा जहरीली गैस के कारण दम घुटने को हादसे की वजह मान रहा है। हालांकि गैस की वास्तविक प्रकृति और हादसे के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक साथ तीन लोगों की मौत की खबर से किड़हिरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।