कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब! चंदौली के घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़, देव दीपावली की तैयारियां पूरी
चंदौली। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार तड़के से ही चंदौली जिले के धानापुर क्षेत्र स्थित नरौली, डम्हारी घाट, अमादपुर घाट, गुरैनी घाट, सोनहुली और कवलपुरा गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग बड़ी संख्या में पवित्र गंगा स्नान कर भगवान विष्णु की आराधना में लीन दिखाई दिए। घाटों पर दीपदान का मनमोहक दृश्य श्रद्धा और आस्था से भरा नजर आया।
सुबह से ही गंगा किनारे ‘हर हर गंगे’ और ‘जय विष्णु भगवान’ के जयघोष गूंजते रहे। लोगों ने स्नान कर दान-पुण्य किया और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीमों को तैनात किया गया है। पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है, जबकि भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग और ड्रोन निगरानी की व्यवस्था की गई।
‘मिशन शक्ति’ के तहत नरौली घाट पर महिलाओं और युवतियों को सुरक्षा और जागरूकता संबंधी जानकारी दी गई।
सुरक्षा में सहयोग की अपील
क्राइम इंस्पेक्टर घनश्याम शुक्ला ने बताया कि श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और घाटों पर सावधानी बरतें।
धार्मिक महत्व और मान्यता
वेद वेदांग पाठशाला के आचार्य पंडित रमेश द्विवेदी ने बताया कि हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का स्नान और दान अत्यंत शुभ माना गया है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने से व्यक्ति के पाप नष्ट होते हैं और पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी कारण श्रद्धालु बड़ी आस्था के साथ घाटों की ओर रुख करते हैं।
देव दीपावली की तैयारी पूरी
बीजेपी नेता रमेश यादव बबलू ने बताया कि शाम को देव दीपावली के अवसर पर नरौली घाट को 25,000 दीपों से सजाया जाएगा। घाट को रोशनी से जगमगाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस मौके पर थाना प्रभारी त्रिवेणी लाल सेन, घनश्याम शुक्ला, रामअजोर यादव, महिला सिपाही मंजू, गौरी शंकर यादव सहित कई पुलिसकर्मी मुस्तैदी से तैनात रहे।
देव दीपावली पर जगमगाएगा पश्चिम वाहिनी बलुआ घाट, लाखों दीपों से सजेगा दृश्य
चंदौली पश्चिम वाहिनी बलुआ घाट पर आज देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जा रहा है। घाट को दुल्हन की तरह सजाया गया है और लाखों दीपों की रोशनी से शाम को पूरा घाट जगमगाने वाला है।
गंगा सेवा समिति और प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पाण्डेय शामिल होंगे।
सुबह से ही श्रद्धालु गंगा स्नान कर रहे हैं। शाम 4 बजे मां गंगा का दुग्धाभिषेक, 5 बजे दीपोत्सव और रात 7 बजे से भव्य महाआरती का आयोजन होगा। इसके बाद रात्रि में भोजपुरी कलाकारों और बिरहा गायकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।