दाउदपुर में आधी रात कच्चे मकान में लगी आग, अनाज-नकदी समेत गृहस्थी का सामान राख

कच्चे मकान में लगी आग, अनाज और नकदी समेत गृहस्थी का सामान जलकर राख
 

चंदौली। विकासखंड एवं थाना चंदौली क्षेत्र के दाउदपुर गांव में शुक्रवार की रात करीब एक बजे सियाराम यादव के कच्चे मकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में सो रहीं महिलाओं को संभलने का मौका मिलने तक मकान आग की लपटों से घिर गया। इस घटना में घर में रखा अनाज, नकदी और अन्य आवश्यक घरेलू सामान जलकर राख हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को काफी नुकसान हुआ है।

जानकारी के अनुसार, आग लगने की भनक लगते ही घर में मौजूद महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

आग की चपेट में आने से मकान के कोठे में रखा गेहूं, चावल, अन्य खाद्य सामग्री, नकदी, उपले और जरूरत का सामान जल गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने घरेलू जरूरतों को पूरा करने का संकट खड़ा हो गया है।

इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य रमेश यादव ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए पीड़ित किसान को हुए नुकसान का आकलन कराने और जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपील की है।