एक माह में किसानों को मिलेगा भूमि अधिग्रहण का मुआवजा, लापरवाही पर अधिकारियों को चेतावनी
चंदौली। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने भूमि अधिग्रहण के लंबित मुआवजा मामलों को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिया है कि जिन किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है, उनके खातों में एक माह के भीतर धनराशि भेजी जाए। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति और राजस्व संबंधी कार्यों की समीक्षा की।
बैठक में भारतमाला परियोजना, रिंग रोड तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण में बाधक विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मरों को शीघ्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कार्यों में शिथिलता पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए खेल मैदान निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर उपजिलाधिकारी सकलडीहा तथा स्वामित्व योजना में खराब प्रदर्शन को लेकर तहसीलदार सदर और तहसीलदार सकलडीहा को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को पुराने और लंबित न्यायिक वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए तकनीकी कार्यों और डाटा फीडिंग की नियमित निगरानी करने को कहा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।