करंट लगने से किसान की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के हेतमपुर गांव में रविवार देर रात बिजली के करंट की चपेट में आने से 38 वर्षीय किसान संदीप विश्वकर्मा की मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।

जानकारी के अनुसार, संदीप विश्वकर्मा रविवार को अपने खेत में धान की रोपाई की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अत्यधिक गर्मी के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और चक्कर आने से वह खेत में गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें घर पहुंचाया।

कुछ देर बाद तबीयत सामान्य होने पर संदीप ने घर में पंखा चालू करने का प्रयास किया। इसी दौरान वे बिजली के करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना तथा पोस्टमार्टम कराए बिना ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया।

बताया गया कि संदीप विश्वकर्मा लघु एवं सीमांत किसान थे। खेती के साथ-साथ निजी नौकरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी असमय मृत्यु से परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।