आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किसान की मौत, परिवार में मचा कोहराम
पाली। पाली ब्लॉक क्षेत्र में शुक्रवार को आकाशीय बिजली गिरने से खेत में कृषि कार्य कर रहे संतोष कुमार सिंह (निवासी पाली) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार सिंह पुत्र अर्जुन सिंह कृषि कार्य के लिए प्यारी देवी डिग्री कॉलेज, तिलौरा के पास मैनापार गांव की ओर स्थित खेत में गए थे। इसी दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से संतोष सिंह उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
संतोष कुमार सिंह के परिवार में दो बेटियां अनामिका सिंह (22) और अपराजिता सिंह (16) तथा एक बेटा अनुप सिंह (16) है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है।