चंदौली मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन के नाम पर 30 हजार मांगने का आरोप, पूर्व विधायक ने विधवा को निजी अस्पताल में कराया भर्ती

चंदौली मेडिकल कॉलेज में विधवा से पैर के ऑपरेशन के नाम पर 30 हजार रुपये मांगने का आरोप लगा है। मामला सामने आने पर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया और जांच की मांग की।
 

चंदौली। बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज चंदौली में ऑपरेशन के नाम पर एक गरीब विधवा से 30 हजार रुपये मांगने का आरोप सामने आया है। मामला सामने आने के बाद सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य और मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत की।

 

आरोप है कि शिकायत के बावजूद महिला का ऑपरेशन नहीं हो सका, जिसके बाद पूर्व विधायक ने उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

 

बताया गया कि धानापुर क्षेत्र के मेढ़वा गांव निवासी विधवा किताबी देवी पैर के ऑपरेशन के लिए करीब 10 दिन पहले मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई थीं। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक महिला को ऑपरेशन थिएटर में ले गए, जहां उनसे कथित तौर पर 30 हजार रुपये की मांग की गई।

 

परिजनों के अनुसार, पैसे देने में असमर्थता जताने पर महिला को ऑपरेशन किए बिना बाहर कर दिया गया। आरोप है कि इसके बाद उनके पैर में कच्चा प्लास्टर लगाकर कई दिनों तक अस्पताल में रखा गया।

 

 

बाहरी व्यक्ति पर भी रुपये मांगने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि मामला मेडिकल कॉलेज प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद भी एक कथित आउटसाइडर मनोज के माध्यम से उनसे पहले 13 हजार और बाद में 10 हजार रुपये की मांग की गई। परेशान परिवार ने इसकी जानकारी पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू को दी।

मामला संज्ञान में आने पर पूर्व विधायक शनिवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचे और अधिकारियों के सामने शिकायत रखी। उनका कहना है कि जिलाधिकारी को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया, लेकिन इसके बावजूद महिला का ऑपरेशन नहीं किया गया।

निजी अस्पताल में कराया भर्ती

महिला की स्थिति को देखते हुए मनोज सिंह डब्लू ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया और इलाज में हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में गरीब और जरूरतमंद मरीजों से ऑपरेशन तथा इलाज के नाम पर धन वसूली की जा रही है।

पूर्व विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना के बावजूद गरीब मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पा रही है। उन्होंने अस्पताल में बाहर से दवाएं लिखे जाने और ऑपरेशन के नाम पर कथित वसूली के आरोप लगाते हुए मामले की गंभीर जांच की मांग की।

सोमवार से आंदोलन की चेतावनी

मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि चिकित्सा सेवाओं में भ्रष्टाचार और गरीब मरीजों के आर्थिक व मानसिक उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ सोमवार से धरना-प्रदर्शन के माध्यम से आंदोलन शुरू करने की बात कही।

हालांकि, ऑपरेशन के लिए रुपये मांगने के आरोपों पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन और संबंधित चिकित्सक का पक्ष इस खबर के लिए उपलब्ध नहीं हो सका है। मामले की आधिकारिक जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।