चंदौली में प्रशिक्षण के लिए अलग हुईं ईवीएम-वीवीपैट, राजनीतिक दलों की मौजूदगी में सील हुआ स्ट्रांग रूम

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई मशीनों की स्कैनिंग, जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा और सीसीटीवी व्यवस्था का किया निरीक्षण
 

चंदौली। आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं की तैयारियों के तहत मतदाता जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को अलग कर सुरक्षित रख दिया गया है। बुधवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी शैलेष कुमार की निगरानी में प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) में सही पाई गई मशीनों में से प्रशिक्षण और जागरूकता के लिए निर्धारित मशीनों को चिह्नित किया गया। इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में चिह्नित ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की विधिवत स्कैनिंग कराई गई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार सभी मशीनों को डबल लॉक स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखवाकर सील कर दिया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जांच की और संबंधित अधिकारियों को कैमरों की नियमित निगरानी करने के साथ रिकॉर्डिंग की समय-समय पर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वेयरहाउस की सुरक्षा और निगरानी में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने तथा वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।