चंदौली में मुठभेड़: मासूम की दुष्कर्म व हत्या के आरोपी पुलिस जीप से फरार, जवाबी फायरिंग में दोनों घायल
चंदौली। जिले में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोप में गिरफ्तार दो आरोपी शुक्रवार को उस वक्त पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए, जब उन्हें कोर्ट ले जाया जा रहा था। फरारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों आरोपियों के पैरों में लगी, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक हेड कांस्टेबल भी घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाने की पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान दरोगा की सर्विस पिस्टल छीनकर दोनों आरोपी फरार हो गए। रेवसा गांव के समीप रिंगरोड किनारे पुलिस टीम ने उनका पीछा किया, जहां दोनों ने पुलिस पर गोली चला दी।
जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि अलीनगर थाने पर तैनात हेड कांस्टेबल रोशन यादव के बाएं हाथ में गोली लगी। पुलिस ने तुरंत तीनों घायलों को पीएचसी नियमताबाद में भर्ती कराया।
दोनों आरोपी 27 अक्टूबर की रात अलीनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर दिए थे। घटना के बाद से पूरे जिले में आक्रोश का माहौल था।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी है। घायल पुलिसकर्मी का इलाज चल रहा है, वहीं दोनों आरोपियों को सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, दुष्कर्म और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है