नौगढ़ के चिकनी गांव में वन विभाग की रोक से अटका विद्युतीकरण, 50 परिवार बिजली से वंचित

 

चंदौली। नौगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत चिकनी के लीला का पुरवा, औरावतड़ और बाराह में विद्युतीकरण कार्य वन विभाग की आपत्ति के चलते रुक गया है। इन बस्तियों में करीब 50 परिवार आज भी बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों को बिजली उपलब्ध कराने के लिए विद्युत विभाग की ओर से करीब 50 बिजली के खंभे लगाए गए थे, लेकिन वन क्षेत्राधिकारी मझगाई द्वारा कार्य रुकवा दिए जाने के बाद आगे का काम ठप है।

ग्राम प्रधान संतराम सिंह ने जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप करते हुए विद्युतीकरण कार्य पूरा कराने के लिए आवश्यक अनुमति दिलाने की मांग की है। प्रधान के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में पहले से करीब 20 फीट चौड़ा कच्चा मार्ग मौजूद है। इसी मार्ग के किनारे बिजली के खंभे लगाए जाने हैं। उनका दावा है कि खंभे लगाने से पेड़-पौधों को किसी तरह का नुकसान नहीं होगा।

ग्राम प्रधान ने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण बिजली कनेक्शन की सुविधा मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। उनका कहना है कि आजादी के 79 वर्ष बाद भी गांव के करीब 50 परिवार बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। विद्युतीकरण कार्य रुकने से ग्रामीणों में निराशा है।

प्रधान ने जिलाधिकारी से वन विभाग और विद्युत विभाग के बीच समन्वय कराकर आवश्यक अनुमति दिलाने तथा अधूरे विद्युतीकरण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है, ताकि बस्तियों के ग्रामीणों को बिजली की सुविधा मिल सके।