मझवार रेलवे स्टेशन के पास दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

चंदौली के मझवार रेलवे स्टेशन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने 60 वर्षीय बुजुर्ग को कुचल दिया। हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस फरार चालक और ट्रक की तलाश में जुटी है।

 

चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित मझवार रेलवे स्टेशन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शव के चीथड़े उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद चालक ट्रक समेत मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान लालचंद्र (60 वर्ष) निवासी फुटिया, थाना सैयदराजा के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

पुलिस फरार ट्रक और चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मामले में आगे की जांच जारी है।