चंदौली दौरे पर प्रभारी मंत्री संजीव गौड़ ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, कहा- विकास और जनकल्याण हमारी प्राथमिकता

चंदौली पहुंचे प्रभारी मंत्री संजीव गौड़ ने प्रेस वार्ता में कहा कि सरकार की सभी योजनाएं धरातल पर लागू हैं। किसानों को समय से सिंचाई जल और युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

 
 

चंदौली। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री संजीव गौड़ शनिवार को चंदौली पहुंचे, जहां उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनका लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनता के विश्वास और समर्थन के कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार देश की सेवा करने का अवसर मिला है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए संजीव गौड़ ने कहा कि सरकार खेती-किसानी को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने आश्वासन दिया कि धान की नर्सरी तैयार होने से पहले किसानों को नहरों के माध्यम से पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

रोजगार के विषय में प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रियाएं संचालित की जा रही हैं और पढ़े-लिखे युवाओं को सरकारी तथा निजी क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और जनता के सहयोग से आगामी समय में भी सरकार विकास कार्यों को और गति देगी।

प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखते हुए कहा कि जनकल्याण, सुशासन और विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।