यथार्थ नर्सिंग कॉलेज में नशा उन्मूलन जागरूकता शिविर आयोजित, युवाओं को नशे से दूर रहने का दिलाया संकल्प
चंदौली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली के तत्वावधान में लौंदा-झांसी स्थित यथार्थ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज में नशा उन्मूलन जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव निकिता गौड़ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बर्बाद कर देता है। इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में कॉलेज के संस्थापक डॉ. धनंजय सिंह, प्राचार्य डॉ. जैनेट जे. तथा पैनल अधिवक्ता महेन्द्र पाण्डेय भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महेन्द्र पाण्डेय ने किया।
इस अवसर पर छात्रा शैली ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी को भीतर से खोखला कर रहा है। उन्होंने कहा कि शराब, सिगरेट, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थ न केवल स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि परिवारों को भी टूटने पर मजबूर कर देते हैं। युवाओं को फैशन, मित्रों के दबाव और मानसिक तनाव के कारण नशे से दूर रहने की सलाह देते हुए उन्होंने सभी से नशामुक्त समाज के निर्माण का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने नशा न करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।