चंदौली के डॉ. अभिमन्यु पांडेय को लंदन के हाउस ऑफ पार्लियामेंट में मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान
चन्दौली। जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के अलीनगर आलूमिल निवासी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु पांडेय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चंदौली का नाम रोशन किया है। उन्हें लंदन स्थित हाउस ऑफ पार्लियामेंट (ब्रिटिश पार्लियामेंट) में आयोजित इंटरनेशनल होलिस्टिक कॉन्फ्रेंस में सम्मानित किया गया।
इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में दुनिया भर से चुनी गई लगभग 150 विशिष्ट हस्तियों के बीच डॉ. पांडेय को अपने विचार रखने का अवसर मिला। अपने संबोधन में उन्होंने होम्योपैथिक चिकित्सा के माध्यम से असाध्य रोगों के उपचार और भारत में इस क्षेत्र में हो रहे तेजी से विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला।
डॉ. अभिमन्यु पांडेय को ऑटो इम्यून डिजीज पर किए गए उनके रिसर्च ओरिएंटेड केस प्रेजेंटेशन के लिए ब्रिटिश सांसद लार्ड कृष्ण रावल और शिवानी राजा द्वारा सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे जनपद के लिए गर्व का विषय है।
डॉ. पांडेय को इससे पहले भी भारत के केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के राज्यपालों द्वारा कई बार सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने शुभचिंतकों और उन मरीजों को दिया, जो उनके इलाज से स्वस्थ होकर संतुष्ट हुए हैं।
कोरोना महामारी के दौरान भी डॉ. पांडेय ने मरीजों का उपचार कर महत्वपूर्ण योगदान दिया था, जिसकी व्यापक सराहना हुई थी। उनके इस सम्मान की खबर मिलते ही चंदौली जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है और लोगों ने उन्हें बधाई दी है।