धान रोपाई सीजन पर डीएम सख्त, नहरों के टेल तक पानी और किसानों को समय पर खाद-बिजली देने के निर्देश

 चंदौली में किसान दिवस की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने धान रोपाई सीजन को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। नहरों के टेल तक पानी, किसानों को समय पर खाद और बिजली उपलब्ध कराने, KCC व राजस्व मामलों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।
 

चंदौली। धान रोपाई के मौजूदा सीजन में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसे लेकर चंदौली जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मासिक किसान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सिंचाई, बिजली, खाद और राजस्व से जुड़े मामलों की समीक्षा की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए।

बैठक में जिले के प्रगतिशील किसानों और भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने नहरों के अंतिम छोर तक पानी न पहुंचने, हेड पर पानी रोके जाने, बंधियों में अतिक्रमण, लो वोल्टेज, खाद की कमी, भूमि अधिग्रहण मुआवजा और गंदे नालों की सफाई जैसी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग को आदेश दिया कि धान की रोपाई के दौरान प्रत्येक नहर के टेल तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही बिजली विभाग को ग्रामीण कृषि फीडरों पर निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को सिंचाई में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

उन्होंने कृषि विभाग को सहकारी समितियों और निजी दुकानों पर यूरिया एवं डीएपी जैसे उर्वरकों की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखने को कहा। किसान दिवस में प्राप्त बिजली बिल सुधार, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और राजस्व संबंधी शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और धान का यह सीजन उनकी सालभर की मेहनत का आधार है। इसलिए प्रशासनिक लापरवाही के कारण किसी भी किसान को पानी, खाद या बिजली की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने अधिकारियों से फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और अगली किसान दिवस बैठक में कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को मखाना बीज अनुदान पर उपलब्ध होने और सिंघाड़ा बीज शीघ्र मिलने की जानकारी दी। वहीं सिंचाई विभाग को कंट्रोल रूम स्थापित करने, नहर कटिंग की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने और गंदे नालों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक भीमसेन, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी शैलेंद्र दुबे, सिंचाई एवं विद्युत विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।