मतदाता सूची पुनरीक्षण की जमीनी हकीकत परखने निकले डीएम, बूथों का किया औचक निरीक्षण

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दूसरे विशेष दिवस पर डीएम शैलेष कुमार ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, बीएलओ को घर-घर सर्वे कर नए मतदाताओं के पंजीकरण और दावे-आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश।
 

चन्दौली। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में संचालित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत रविवार को विशेष अभियान दिवस के दूसरे दिन जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने विभिन्न मतदान केंद्रों और बूथों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के अद्यतन कार्य की प्रगति परखी और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों से मतदाता सूची पुनरीक्षण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कार्य में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिला मतदाताओं का पंजीकरण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे अपने आवंटित क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के प्रति जागरूक करें। साथ ही नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए पात्र नागरिकों को प्रेरित करें।

निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाएं, मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें और पात्र होने पर मतदाता के रूप में पंजीकरण कराएं।