चंदौली में धान की क्रॉप कटिंग का डीएम ने किया निरीक्षण, 57.98 कुंतल प्रति हेक्टेयर मिली उत्पादकता
चंदौली। जनपद के नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने मंगलवार को सकलडीहा तहसील क्षेत्र के बसारिकपुर गांव में धान की फसल की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फसल की उत्पादकता का आकलन किया और मौके पर मौजूद किसानों से सीधे संवाद कर सरकारी क्रय केंद्रों पर ही धान बेचने की अपील की। उन्होंने किसानों को बिचौलियों के माध्यम से उपज बेचने से बचने की सलाह दी।
क्रॉप कटिंग के दौरान किसान विजय लाल यादव के गाटा संख्या 34 स्थित खेत में निर्धारित क्षेत्रफल में धान की कटाई कराई गई। तौल के दौरान 28.700 किलोग्राम धान का उत्पादन प्राप्त हुआ। वहीं किसान बुद्धू प्रसाद यादव के गाटा संख्या 3 स्थित खेत में कराई गई क्रॉप कटिंग में 21.520 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।
दोनों खेतों में प्राप्त उत्पादन के आंकड़ों के आधार पर क्षेत्र में धान की औसत उत्पादकता 57.98 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई। क्रॉप कटिंग के आंकड़े कृषि उत्पादन का वास्तविक आकलन करने के साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत किसानों को फसल क्षति के मुआवजे का निर्धारण करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर किसानों को मिलने वाली क्षतिपूर्ति और भुगतान की प्रक्रिया में मदद मिलती है।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, तहसीलदार सकलडीहा अभिजीत प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर चंद्रगुप्त सागर, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, अपर जिला सांख्यिकीय अधिकारी संदीप पटेल, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश तथा लेखपाल अमृता कुमारी मौर्या, रामबली प्रसाद और साधना सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय किसान उपस्थित रहे।