डीएम ने राजकीय बालगृह का किया औचक निरीक्षण, बच्चों के लिए शिक्षक तैनात करने के निर्देश

 

चंदौली, 7 सितंबर। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने सोमवार को बिछिया कला स्थित राजकीय बालगृह (शिशु) एवं राजकीय विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बालगृह में रह रहे बच्चों के खान-पान, स्वास्थ्य, शिक्षा और देखरेख की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंजीयन रजिस्टर का अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों से बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों की बेहतर देखभाल के साथ उनके भविष्य को लेकर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

 

बच्चों की पढ़ाई के लिए शिक्षक नियुक्त करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने बच्चों की शिक्षा को लेकर मौके से ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को फोन कर पार्ट-टाइम शिक्षक की तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बालगृह में रह रहे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

बच्चों से आत्मीयता से मिले जिलाधिकारी

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का बच्चों के प्रति संवेदनशील रवैया भी देखने को मिला। उन्होंने बच्चों से आत्मीय बातचीत की और उन्हें बिस्कुट व चिप्स वितरित किए। हाल ही में बालगृह में आई नौ माह की मासूम बच्ची को जिलाधिकारी ने गोद में उठाकर उसके स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।

उन्होंने अधिकारियों को बच्चों के स्वास्थ्य, खान-पान और साफ-सफाई समेत सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।