बाढ़ प्रभावित चूरमूली गांव पहुंचे डीएम चंद्र मोहन गर्ग, राहत व्यवस्था का लिया जायजा
चंदौली। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने गुरुवार को चूरमूली गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने बाढ़ के पानी से प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जलभराव और राहत कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रभावित ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन बाढ़ की इस स्थिति में उनके साथ है। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित परिवारों तक भोजन, राशन किट, शुद्ध पेयजल और आवश्यक दवाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने तहसीलदार और क्षेत्रीय लेखपाल को बाढ़ से हुए नुकसान का शीघ्र और पारदर्शी सर्वे कराने को कहा। उन्होंने फसल, मकान और पशुधन को हुई क्षति का सही आकलन कर रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र प्रभावित लोगों को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाई जा सके। लेखपालों को गांव में कैंप कर ग्रामीणों के लगातार संपर्क में रहने की हिदायत भी दी गई।
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग की टीमों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव के बाद संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, क्लोरीन की गोलियों का वितरण और पशुओं का टीकाकरण नियमित रूप से कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी बनाए रखने तथा प्रभावित लोगों की जरूरतों पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा। निरीक्षण के दौरान राजस्व विभाग की टीम के साथ अन्य जिला स्तरीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।