किसानों की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही पर भड़के डीएम, बंधी डिवीजन के एई को लगाई कड़ी फटकार

 

चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। बैठक में किसानों ने सिंचाई, बिजली, पेयजल और जल निकासी से जुड़ी विभिन्न समस्याएं उठाईं। समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान बंधी डिवीजन के सहायक अभियंता (एई) द्वारा अपनी जिम्मेदारी के अनुरूप कार्य न किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को किसानों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने की हिदायत दी।

किसानों ने कटशीला से जमुनीपुर माइनर की साफ-सफाई न होने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल माइनर की सफाई कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई व्यवस्था से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही से किसानों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

किसान दिवस में बिजली आपूर्ति और लो-वोल्टेज की समस्या भी उठाई गई। इसके अलावा जल निगम की पेयजल व्यवस्था, शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के ड्रेनों की सफाई तथा पुरानी नहरों के रेनोवेशन की मांग किसानों ने रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय स्थापित कर ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

मरुई गांव में गढ़ई के कुछ हिस्से को पाटकर किए गए कथित अवैध कब्जे का मामला भी बैठक में सामने आया। जिलाधिकारी ने मामले में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली और कब्जे में संलिप्त सभी लोगों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसान दिवस में किसानों द्वारा उठाई गई प्रत्येक समस्या का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कराया जाएगा। संबंधित विभाग अपने स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करें और किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता चंद्र प्रभा सहित विद्युत, सिंचाई और कृषि विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।