धरौली पेट्रोल पंप से संदिग्ध डीजल ले जा रहा टैंकर पकड़ा गया, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा
चंदौली। जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र स्थित धरौली गांव के समीप एक पेट्रोल पंप से बड़ी मात्रा में डीजल ले जा रहे टैंकर को ग्रामीणों ने रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और डीजल के परिवहन को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात लगभग 10 बजे धरौली स्थित जसूरी केएसके इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से एक टैंकर में हजारों लीटर डीजल भरकर बिहार की ओर ले जाया जा रहा था। स्थानीय ग्रामीणों को गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद उन्होंने वाहन को घेरकर रोक लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सैयदराजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस जांच के दौरान डीजल परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद मामला और गंभीर हो गया।
थाना प्रभारी अशोक मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संबंधित व्यक्ति को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि वह भारतमाला परियोजना से जुड़ी पीएनसी कंपनी में कार्यरत है और कंपनी के कार्य हेतु डीजल ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार अभी तक परिवहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस टैंकर, डीजल की मात्रा और परिवहन की वैधता से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला वैध परिवहन का है या किसी अनियमितता से जुड़ा हुआ है।