धानापुर में चला हरियाली अभियान, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया पौधारोपण, पर्यावरण बचाने का दिया संदेश
चंदौली। जनपद के धानापुर क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पौधे लगाकर लोगों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानापुर परिसर में अधीक्षक डॉ. रितेश कुमार, ग्राम प्रधान रामजी कुशवाहा तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता कमलाकांत मिश्रा ने पौधारोपण कर स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।
इसी क्रम में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह तथा खंड विकास अधिकारी राकेश मिश्रा ने धानापुर कस्बे के विजयदशमी पोखरा परिसर में पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई।
विधायक सुशील सिंह ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए पौधारोपण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने कहा कि अंधाधुंध पेड़ों की कटाई और तेजी से बढ़ते कंक्रीट के जंगल पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती हैं। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण अभियान से जुड़ना होगा।
वहीं, खड़ान गांव में शिवनंदन फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के निदेशक रमेश सिंह ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पौधे लगाए। उन्होंने किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए कहा कि रासायनिक खेती के बजाय प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
कार्यक्रम के दौरान सभी वक्ताओं ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने और हरियाली बढ़ाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।