धानापुर में नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला, सिलाई की दुकान जाते समय युवक पर अभद्रता का आरोप! केस दर्ज
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप है कि कपड़ा सिलवाने के लिए सिलाई की दुकान जा रही किशोरी को गांव के ही एक युवक ने बीच रास्ते में रोककर उसके साथ अभद्रता की।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग किशोरी गांव स्थित सिलाई की दुकान पर कपड़ा देने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में एक युवक ने उसे रोक लिया और कथित रूप से छेड़छाड़ करने लगा। किसी तरह वहां से निकलकर किशोरी घर पहुंची और पूरी घटना अपने परिजनों को बताई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन धानापुर थाने पहुंचे और आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2), 115(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और स्थानीय लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।