20 वर्षों से बदहाल बुद्ध विहार मार्ग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन, सड़क निर्माण की उठाई मांग
धानापुर कस्बे में जर्जर सड़क से परेशान लोग, जिलाधिकारी से लगाई गुहार
चंदौली। धानापुर कस्बे के वार्ड नंबर-5 स्थित बुद्ध विहार जाने वाले मार्ग की बदहाली को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। वर्षों से जर्जर पड़े रास्ते के निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया और प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि पश्चिम टोला काली मंदिर से बुद्ध विहार मंदिर तक जाने वाला संपर्क मार्ग करीब दो दशक से खराब हालत में है। सड़क पर गड्ढे, जलभराव और टूटी सतह के कारण लोगों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।
स्थानीय निवासी बसंत मौर्य ने बताया कि मार्ग निर्माण के लिए कई बार ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीण सुजीत विश्वकर्मा ने बताया कि इस मार्ग का उपयोग प्रतिदिन सैकड़ों लोग करते हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बावजूद इसके जिम्मेदार विभाग और अधिकारी समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंदौली चंद्रमोहन गर्ग से हस्तक्षेप कर सड़क निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया गया तो ग्रामीण बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में राजू खान, आलम गिर खान, बसंत मौर्य, वसीम खान, सुजीत विश्वकर्मा, मनोज विश्वकर्मा, प्रदुमन गोड़, रीता मौर्य, रामवती, सुनीता, भगवंती देवी, डब्लू, प्रकाश खरवार, सच्चिदानंद विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।