चंदौली में श्रीराम कथा के मंच से धनंजय सिंह का संदेश, योगी सरकार पर जताया भरोसा

धानापुर की श्रीराम कथा में दिखी सामाजिक सहभागिता, धनंजय सिंह ने दिया राजनीतिक बयान
 

चंदौली। जिले के धानापुर क्षेत्र के ओदरा में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज की ओर से श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा विधायक सुशील सिंह के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होकर कथा का श्रवण कर रहे हैं। कार्यक्रम में पहुंचे जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की राजनीति और धार्मिक आयोजनों को लेकर अपनी बात रखी।

धनंजय सिंह ने कहा कि श्रीराम कथा जैसे धार्मिक आयोजन पहले भी होते थे, लेकिन जब से योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने हैं, तब से ऐसे आयोजनों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि इस कथा में समाज के हर वर्ग के लोग शामिल हो रहे हैं। यहां हिंदू और मुस्लिम सहित विभिन्न समुदायों के लोग एक साथ बैठकर कथा सुन रहे हैं, जो सामाजिक सहभागिता का उदाहरण है।

पूर्व सांसद ने प्रदेश की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार है और आगे भी यही सरकार चलती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की कोई संभावना नहीं है।

ओदरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखने को मिल रही है। धार्मिक आयोजन के चलते क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है।