फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल और 3 फर्जी आधार कार्ड बरामद
चंदौली। साइबर अपराध और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर लोगों से धन उगाही और साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन तथा तीन फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने ग्राम बगही कुम्भापुर निवासी अभय वर्मा (24 वर्ष) पुत्र सुरेन्द्र मौर्या को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ थाना सैयदराजा में मुकदमा संख्या 188/2026 के तहत धारा 66D आईटी एक्ट में मामला दर्ज है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 319(2) एवं 336(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई है।
तकनीकी जांच में सामने आए कई फर्जी अकाउंट
पुलिस के अनुसार शिकायत मिलने के बाद आरोपी के मोबाइल फोन की तकनीकी जांच की गई, जिसमें कई जीमेल अकाउंट और इंस्टाग्राम प्रोफाइल संचालित होते पाए गए। जांच के दौरान मेटा प्लेटफॉर्म्स से प्राप्त तकनीकी अभिलेखों, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर, रजिस्ट्रेशन एवं लॉगिन आईपी के विश्लेषण में विभिन्न फर्जी और संदिग्ध सोशल मीडिया प्रोफाइलों के बीच संबंध स्थापित हुए।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी कई डिजिटल पहचान का उपयोग कर अपनी वास्तविक पहचान छिपाने का प्रयास करता था। मोबाइल से विभिन्न जीमेल अकाउंट, अकाउंट रिकवरी, एंड्रॉयड सर्विसेज और यूपीआई सेवाओं से जुड़ी गतिविधियां भी मिलीं।
छोटी-छोटी रकम लेकर करता था ठगी
पुलिस जांच में आरोपी के नाम से इंडियन पोस्ट पेमेंट्स बैंक और फिनो बैंक में खाते संचालित होने की जानकारी मिली। बैंक खातों के लेन-देन की जांच में विभिन्न व्यक्तियों से छोटे-छोटे अमाउंट में संदिग्ध ट्रांजैक्शन पाए गए।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर युवकों से बातचीत करता था और मित्रता, सहानुभूति, दवा, मोबाइल सहायता तथा अन्य बहानों से उनका विश्वास जीतकर धनराशि प्राप्त करता था। ठगी से प्राप्त रकम का उपयोग वह अपने निजी खर्चों में करता था।
पहचान छिपाने के लिए रखे थे फर्जी आधार कार्ड
आरोपी ने पुलिस को बताया कि बरामद तीन आधार कार्ड उसने लोगों को विश्वास में लेने तथा अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर सोशल मीडिया के माध्यम से धोखाधड़ी करने के उद्देश्य से अपने पास रखे थे।
बरामदगी
- 01 मोबाइल फोन
- 03 फर्जी आधार कार्ड
गिरफ्तारी करने वाली टीम
- अशोक कुमार मिश्रा, थानाध्यक्ष सैयदराजा
- उपनिरीक्षक मारकण्डेय सिंह
- कांस्टेबल पंकज कुमार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। साइबर अपराध से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।