सड़क व पुल निर्माण में बड़े पैमाने पर हो रहा भ्रष्टाचारः मनोज सिंह डब्लू
चंदौली। जिले के बरठी क्षेत्र में रेलवे ओवरब्रिज को जोड़ने वाली सड़क धंसने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार को सड़क धंसने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंचे पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक ने सड़क में बने गड्ढे के भीतर उतरकर निर्माण सामग्री का जायजा लिया। उन्होंने हाथों से निर्माण सामग्री की परतें उखाड़कर दिखाते हुए आरोप लगाया कि सड़क और अप्रोच रोड के निर्माण में निर्धारित मानकों की अनदेखी की गई है। उनका दावा था कि निर्माण में सीमेंट और गिट्टी के मानकों का पालन नहीं किया गया तथा मिट्टी की उचित ढंग से दबाई नहीं होने के कारण सड़क धंसने की स्थिति बनी है।
मनोज सिंह डब्लू ने इस घटना को सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए चंदौली के कटसिला में पुल गिरने की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में कथित लापरवाही के कारण लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। उन्होंने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि सड़क और पुल निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हो रही हैं, जिसके कारण निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने संबंधित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और रेलवे के अधिकारियों से भी मामले की जांच कराकर निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप दुरुस्त कराने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीणों के साथ अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या के समाधान और मानक के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने का भरोसा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस दौरान मदन सिंह, रोशन सिंह, अजय कुमार, अनुपम सिंह, परमा यादव, गोपाल सिंह, मुकेश कुमार, संजय मौर्य और करमू कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।