चंदौली के विद्यालयों में संविधान संवाद, विद्यार्थियों को दिलाई गई संवैधानिक मूल्यों की शपथ

 

चंदौली। भारतीय संविधान के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें संवैधानिक मूल्यों से परिचित कराने के उद्देश्य से सोमवार को जनपद के विभिन्न विद्यालयों में ‘एक स्वर, एक संविधान’ अभियान के अंतर्गत संविधान संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली की ओर से आयोजित इन कार्यक्रमों में न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संविधान के महत्व और उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी दी।

इसी क्रम में सुबह 8 बजे कैलाशपुरी मुगलसराय स्थित लक्ष्मी पब्लिक स्कूल में सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/एफटीसी द्वितीय सुश्री ईशा राय ने विद्यार्थियों के साथ संविधान विषय पर परिचर्चा की। वहीं, सेंट जॉन्स स्कूल, कटसिला में न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती एकता सिंह-III ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के विभिन्न पहलुओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना, संविधान निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के महत्व से अवगत कराया गया। न्यायिक अधिकारियों ने बताया कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करने के साथ ही देश और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का बोध भी कराता है। विद्यार्थियों को संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान विद्यार्थियों से संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कराया गया और उन्हें संवैधानिक मूल्यों के पालन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी में संविधान के प्रति सम्मान, जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करना रहा।

इस अवसर पर लक्ष्मी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक संजय कुमार यादव, प्रधानाचार्य बिंदु प्रकाश सिंह, उप प्रधानाचार्य राजेश कुमार सिंह तथा सेंट जॉन्स स्कूल के प्रधानाचार्य एफआर जॉबी जॉन सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं पराविधिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।