पुलिस लाइन समेत चंदौली के सभी थानों में मनाया गया संविधान दिवस, पुलिसकर्मियों ने ली संविधान की शपथ

संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर निष्पक्षता और ईमानदारी से कर्तव्यों के निर्वहन का दिया संदेश
 
लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता के सिद्धांतों के प्रति निष्ठा बनाए रखने का लिया संकल्प

चंदौली। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन चंदौली सहित जनपद के सभी थानों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया और संविधान में निहित आदर्शों एवं मूल्यों के अनुरूप कार्य करने की शपथ ली।

पुलिस लाइन चंदौली में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी सदर ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। इस दौरान भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के संकल्प को दोहराया गया।

कार्यक्रम में भारतीय संविधान की महत्ता और उसके ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला गया। साथ ही मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए लोकतंत्र, समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में शामिल करने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर पुलिसकर्मियों को संदेश दिया गया कि पुलिस बल की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संविधान की मर्यादा और कानून के शासन को सर्वोपरि रखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना भी है। इसके लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता, संवेदनशीलता और ईमानदारी के साथ करना चाहिए।

कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में जनपद के सभी थानों में भी संविधान दिवस मनाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाकर संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।