चंदौली में कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन, महोबा गैंगरेप कांड में कठोर कार्रवाई की मांग
चंदौली। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा के कथित अपहरण, 16 दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय यातनाएं दिए जाने की घटना को लेकर जनपद चंदौली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी चंदौली को सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महोबा की दलित छात्रा को कोचिंग से लौटते समय अगवा कर लिया गया और कई दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। ज्ञापन में कहा गया कि पीड़िता को सिगरेट से दागकर अमानवीय यातनाएं दी गईं और उस पर जबरन शादी का दबाव बनाया गया। कांग्रेस नेताओं ने इस घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए और कठोरतम सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने तथा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।
इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी और कांग्रेस महासचिव देवेंद्र सिंह मुन्ना ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पार्टी पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।