चंदौली में सपा नेत्री गार्गी पटेल पर हमले को लेकर गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा
बताया जा रहा है कि मुगलसराय थाना क्षेत्र के पड़ाव स्थित आवास पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्यारेलाल के परिजनों द्वारा सपा नेत्री गार्गी पटेल पर हमला किया गया था। घटना के बाद उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बोले- हमलावर भाजपा से जुड़े लोग
जिला अस्पताल पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि हमलावर भाजपा से जुड़े हुए लोग हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा केवल नारों तक सीमित रह गई है।
अरुण द्विवेदी ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” और “महिला वंदन” जैसे अभियान केवल दिखावा बनकर रह गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में राजनीतिक द्वेष की भावना से विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव देवेंद्र सिंह मुन्ना ने भी घटना को लेकर प्रशासन और सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जनपद में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होती नजर आ रही है।
देवेंद्र सिंह मुन्ना ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता डीएम और एसपी कार्यालय का घेराव करेंगे।
पुलिस जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाओं से मामला और अधिक गरमा गया है। स्थानीय स्तर पर इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।