चदौली के धानापुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
चंदौली (धानापुर)। चंदौली जिले के धानापुर कस्बे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सिराजुद्दीन भुट्टो ने किया।
प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर चुनाव में वोट चोरी के जरिए सत्ता में आने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा और चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष कर रही है।
ब्लॉक कार्यालय से शहीद पार्क तक निकाला जुलूस
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय से जुलूस निकाला। जुलूस धानापुर कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद पार्क पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।
इस मौके पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
कई कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में रामानंद यादव, सिराजुद्दीन भुट्टो, अरुण द्विवेदी, कुलदीप वर्मा, दिलीप यादव, गंगा राम, रामआधार यादव, दीनदयाल विश्वकर्मा, टीएन दिनकर, असगर अली, कृष्ण कुमार, बाबूलाल तिवारी, मुनीर खान, तरुण पाण्डेय, कमलेश कुमार और मुराहु राम सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।