चंदौली में बाढ़ प्रभावित किसानों को मिलेगा मुआवज़ा, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दिए निर्देश

 

चन्दौली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह से लखनऊ स्थित उनके आवास पर चंदौली के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मिला।

प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री को अवगत कराया कि हाल ही में गड़ई नदी और चंद्रप्रभा नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण जनपद की हजारों एकड़ धान की फसल जलमग्न हो गई। न केवल फसल का नुकसान हुआ बल्कि जानमाल की क्षति भी दर्ज की गई। किसानों ने इस दौरान नदी की खुदाई और मरम्मत की मांग उठाई। साथ ही बाढ़ के कारण धान की फसल की हुई क्षति का मुआवजा दिए जाने की अपील की।

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लिया और तत्काल जिलाधिकारी चंदौली व चीफ सोन से वार्ता कर प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत और सहायता कार्य में कोई देरी नहीं होनी चाहिए।

इसके अलावा मंत्री ने अधिकारियों को आगामी कार्ययोजना के तहत गड़ई नदी और चंद्रप्रभा नदी की हेड से टेल तक खुदाई कराने के निर्देश भी जारी किए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इन नदियों से जुड़े दो दर्जन से अधिक नाले पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिनकी तत्काल खुदाई और मरम्मत की जाए।

मंत्री ने भरोसा दिलाया कि समयबद्ध तरीके से इन कार्यों को पूरा कर किसानों की फसल को भविष्य में बाढ़ से सुरक्षित रखने के प्रयास किए जाएंगे।