चंदौली में सराहनीय पहल! कुएं में गिरे गाय के बछड़े का सुरक्षित रेस्क्यू, फायर ब्रिगेड और पुलिस की तत्परता से बची जान
Chandauli के धानापुर ब्लॉक में कुएं में गिरे गाय के बछड़े को फायर ब्रिगेड और पुलिस ने सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला, ग्रामीणों में खुशी।
चंदौली। चंदौली के धानापुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम सभा तोरवा मीरपुर में एक लावारिस गाय का बछड़ा अचानक कुएं में गिर गया, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे नगवा चौकी इंचार्ज संजय ओझा और फायर ब्रिगेड टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद बछड़े को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के दौरान गांव के लोगों ने भी सक्रिय सहयोग किया, जिससे यह अभियान सफल हो सका। बछड़े के सुरक्षित बाहर निकलते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी ने प्रशासन की तत्परता की सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती, तो बछड़े की जान बचाना मुश्किल हो सकता था। इस सराहनीय कार्य ने प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण पेश किया है।