चंदौली में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, 12 लाख शिक्षकों को मिलेगा लाभ

 रविन्द्र जायसवाल ने किया मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ
 

चंदौली। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ बुधवार को चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रदेश के मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों और शिक्षाकर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और यह योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

योजना के तहत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षकों एवं शिक्षाकर्मियों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा। इसके अंतर्गत पात्र शिक्षक एवं उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का कैशलेस उपचार सूचीबद्ध अस्पतालों में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक बोझ कम होगा और शिक्षकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ हो सकेंगी।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने योजना की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे शिक्षकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा प्राप्त होगी। वहीं बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार ने योजना के क्रियान्वयन से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की और पात्र शिक्षकों से इसका अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

इस दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, शिक्षाकर्मी तथा शिक्षा विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में योजना के सफल संचालन एवं शिक्षकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के सरकार के संकल्प को दोहराया गया।