चंदौली में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल! कार्रवाई में बाधा डालने और पत्रकारों से मारपीट के आरोप में 2 गिरफ्तार
Chandauli के मुगलसराय में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल और पत्रकारों से मारपीट के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच जारी।
चंदौली। चंदौली के मुगलसराय थाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने के दौरान हंगामा करने और शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 4 मई 2026 को कस्बा मुगलसराय के धर्मशाला रोड स्थित परंपरा स्वीट्स के पास रोड चौड़ीकरण अभियान के तहत प्रशासन की टीम अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान अजय जायसवाल और सुनील जायसवाल नामक दो व्यक्तियों ने उग्र होकर न केवल कार्रवाई में बाधा डाली, बल्कि मौके पर मौजूद लोगों को भड़काने और मारपीट करने की कोशिश भी की।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को कई बार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं माने और माहौल को बिगाड़ने लगे। आरोप है कि इसी दौरान अतिक्रमण हटाने की कवरेज कर रहे पत्रकारों के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिसके आधार पर थाना मुगलसराय में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 मई 2026 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।