UPSSSC कृषि प्राविधिक सहायक परीक्षा में चंदौली के चंद्रजीत यादव का चयन, गांव में खुशी की लहर

 

चंदौली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग UPSSSC द्वारा आयोजित कृषि प्राविधिक सहायक परीक्षा के घोषित परिणाम में जनपद के धानापुर विकासखंड अंतर्गत सरया गांव निवासी चंद्रजीत यादव का चयन कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक पद पर हुआ है। उनकी सफलता से पूरे गांव और परिवार में हर्ष का माहौल है। चंद्रजीत यादव, रामबदन यादव के पुत्र हैं। चयन की सूचना मिलने के बाद उनके गांव पहुंचने पर ग्राम प्रधान बीरेंद्र प्रताप यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की।

चंद्रजीत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के सरकारी विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने पीजी कॉलेज, गाजीपुर से बीएससी (कृषि) एवं बीएड की पढ़ाई पूरी की। वे शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके छोटे भाई अभयजीत यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में कौशांबी जनपद में तैनात हैं, जबकि बड़े भाई अजीत यादव पुणे स्थित एक निजी कंपनी में प्रबंधकीय पद पर कार्यरत हैं। मझले भाई सूर्या यादव प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

ग्राम प्रधान बीरेंद्र प्रताप यादव ने कहा कि चंद्रजीत की सफलता पूरे गांव और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और लगन से बड़ी सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने गांव के मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव सहयोग देने का भी आश्वासन दिया। चंद्रजीत यादव की सफलता से ग्रामीण युवाओं में उत्साह का माहौल है और इसे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि माना जा रहा है।