चन्दौली के युवक की दुबई में सड़क दुर्घटना में मौत, चार दिन पहले ही गया था रोज़गार की तलाश में
चंदौली। जिले के धानापुर क्षेत्र के नरौली गांव में गुरुवार दोपहर गम का माहौल और गहरा गया, जब दुबई में सड़क दुर्घटना में मारे गए 23 वर्षीय बलजीत निषाद का शव दोपहर 1 बजे तक गांव पहुंचने की सूचना मिली। खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
बलजीत निषाद, पुत्र रामबली निषाद, एक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से थे। परिवार की बदहाल आर्थिक स्थिति को संवारने और अपने वृद्ध माता-पिता का सहारा बनने की जिम्मेदारी को समझते हुए वे 11 नवंबर को दुबई रोज़गार की तलाश में गए थे। परिवार को उम्मीद थी कि बलजीत की नौकरी से घर की हालत सुधरेगी और परिवार के दिन बदलेंगे।
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। दुबई पहुंचने के सिर्फ चार दिन बाद, 14 नवंबर को बलजीत एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
बलजीत की मां का रो-रोकर बुरा हाल है, और पिता रामबली निषाद भी गहरे सदमे में हैं। गांव के लोग उन्हें सांत्वना देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन माहौल इतना भारी है कि हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं।
ग्रामीणों ने बलजीत को एक मेहनती, शांत स्वभाव वाला और सभी की मदद करने वाला युवक बताया। उन्होंने कहा कि बलजीत ने कभी किसी से ऊंची आवाज में बात नहीं की और हमेशा सबका सम्मान किया। उनकी असामयिक मौत से पूरा नरौली गांव शोक से भर उठा है।
शव के पहुंचने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार के घर इकट्ठा हो रहे हैं, ताकि इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा सकें। गांव में माहौल बेहद दुखद और भारी बना हुआ है।