चंदौली: सैयदराजा थाने पर ग्रामीणों का हंगामा, इंजेक्शन लगाने के बाद युवक की मौत पर परिजनों का प्रदर्शन
चंदौली। चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक मामला सामने आया है। कल्याणपुर ग्राम सभा के मिश्रापुरा गांव निवासी महेंद्र राम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना से आक्रोशित 100 से अधिक लोगों ने शव को थाने के बाहर रखकर घेराव किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों का गंभीर आरोप है कि महेंद्र राम को दो लोगों द्वारा सूई (इंजेक्शन) लगाई गई थी, जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। घटना के तुरंत बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
महेंद्र राम की हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ उन्हें उपचार मिला। अस्पताल से इलाज के बाद महेंद्र जब घर लौटे, तो रात करीब 2 बजे उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।
थाने के बाहर तनावपूर्ण स्थिति और पुलिस कार्रवाई
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण उग्र हो गए और शव को सीधे सैयदराजा थाने ले गए। थाने के बाहर घंटों तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और भारी बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश में टीम दबिश दे रही है। वर्तमान में इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।