चंदौली: पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में चोरी, गैस सिलेंडर, चूल्हा और बर्तन लेकर फरार हुए चोर

चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र स्थित प्रभुपुर गांव के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में देर रात चोरी की वारदात हुई। चोर गैस सिलेंडर, चूल्हा और बर्तन लेकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
 
बलुआ थाना क्षेत्र के प्रभुपुर गांव में देर रात विद्यालय को बनाया निशाना, कई कमरों के ताले तोड़ने का प्रयास, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली। चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के प्रभुपुर गांव स्थित पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय में देर रात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने विद्यालय के किचन का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन सहित हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

 

 

जानकारी के अनुसार, चोरों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक कक्ष समेत अन्य कमरों के ताले तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वहां से कोई सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके। सुबह जब विद्यालय का स्टाफ स्कूल पहुंचा तो किचन का ताला टूटा मिला और सामान गायब था।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही विद्यालय प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है।

लगातार चोरियों से ग्रामीणों में दहशत

क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल जैसे सरकारी संस्थान भी अब चोरों के निशाने पर हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्राम प्रधान ने की जल्द खुलासे की मांग

प्रभुपुर ग्राम प्रधान जयराम शास्त्री ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में बच्चों के उपयोग का सामान चोरी होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाना आवश्यक है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।